बरारी /कटिहार –
जिलाधिकारी कटिहार आशुतोष द्विवेदी ने बरारी प्रखंड के सरदार नगर लक्ष्मीपुर स्थित श्री गुरु तेग बहादुर ऐतिहासिक गुरुद्वारा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा परिसर के डिजिटलीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा – निर्देश दिये । निरीक्षण के दौरान डीएम ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत देशभर में पांडुलिपियों एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और डिजिटलीकरण का कार्य चलाया जा रहा है।
इस पहल का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा को सुरक्षित रखना और उसे आम लोगों तक पहुंचाना है। इस मौके पर गुरुद्वारा के प्रधान द्वारा डीएम को सम्मान स्वरूप ‘सिरोपा’ भेंट किया गया। वहीं गुरुद्वारा के हेड ग्रंथी द्वारा डीएम को हस्तलिखित गुरु ग्रंथ साहिब जी का दर्शन कराया गया। जिसे देख डीएम ने इसे ऐतिहासिक धरोहर बताते हुए इसके संरक्षण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पांडुलिपियों एवं ऐतिहासिक स्थलों का डिजिटलीकरण किए जाने से यह अमूल्य धरोहर शोधकर्ताओं, आम नागरिकों के लिए सुलभ हो सकेगी। वही डीएम ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी को गुरुद्वारा के विकास के लिए क्या कार्य होगा उसका मैप तैयार करने को कहा है।
इस दौरान अपर समाहर्ता डॉ.विनोद कुमार, उप विकास आयुक्त अमित कुमार, ओएसडी अभिषेक किशोर,जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमारी रीना गुप्ता, उप प्रमुख प्रतिनिधि अमरिंदर सिंह, गुरविंदर सिंह, वीरेंद्र सिंह,हरजीत सिंह,भगत सिंह,गुलविंदर सिंह, सन्नीदर सिंह,माल सिंह, बाले सिंह, परविंदर सिंह, रिशु सिंह, जगदीप सिंह एवं यदुवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

























