बरारी/कटिहार – प्रखंड के सेमापुर थाना क्षेत्र के कावर पंचायत अंतर्गत लक्ष्मीपुर झाड़ी टोला में शुक्रवार देर रात एक निलंबित होमगार्ड जवान की घर में घुसकर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मृतक की पहचान उमेश यादव के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार वह पिछले करीब दो वर्षों से किसी कारणवश निलंबित चल रहे थे और घर पर ही रह रहे थे। शनिवार रात वह अपने घर में सोए हुए थे। इसी दौरान देर रात हमलावर घर में घुसा और उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उमेश यादव के गले पर गंभीर वार किया गया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के संबंध में मृतक की पत्नी विमली देवी और बहू मौसम कुमारी ने बताया कि देर रात अचानक चीखने की आवाज सुनाई दी।
जब वे लोग दौड़कर कमरे में पहुंचे, तो उमेश यादव खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। यह मंजर देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव के ही सुनील यादव ने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा जा रहा है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
सूचना मिलते ही सेमापुर ओपी प्रभारी रमाशंकर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया है। वहीं, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील यादव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। इधर मृतक के परिजन आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं। गांव में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

























