बहादुरगंज (किशनगंज) निसार अहमद
बहादुरगंज के स्थानीय अंचल कार्यालय में शनिवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान अंचल क्षेत्र से जुड़े जमीन विवाद के कुल 28 पुराने मामलों के साथ-साथ 4 नए मामलों की भी सुनवाई अंचल अधिकारी की मौजूदगी में की गई।
सुनवाई के दौरान अंचल अधिकारी ने दोनों पक्षों की दलीलों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित कागजातों का अवलोकन किया। इसके आधार पर 28 लंबित मामलों में से 4 मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में आगे की सुनवाई के लिए अगली तिथि निर्धारित की गई।
जनता दरबार में अंचल अधिकारी पवन झा के साथ बहादुरगंज थाना अध्यक्ष संदीप कुमार, एएसआई संजय कुमार अधिकारी समेत दर्जनों फरियादी उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नए अंचल अधिकारी के पदभार संभालने के बाद से अंचल कार्यालय में फरियादियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है। अधिकारी नियमित रूप से लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनके त्वरित समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं, जिससे आम लोगों में संतोष और विश्वास बढ़ा है।

























