फुलबड़िया विद्यालय में एसएसबी द्वारा आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज): विजय कुमार साह

प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत के फुलबड़िया स्थित मध्य विद्यालय में शनिवार को 12वीं बटालियन एसएसबी की आरआरटी (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) पेक्टोला द्वारा आपदा प्रबंधन को लेकर एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जागरूक और प्रशिक्षित करना था।

कार्यक्रम का नेतृत्व एसआई टेकचंद ने किया, जबकि टीम में एएसआई पोखन लाल, रवि प्रताप, संतोष पासवान, संजय, श्याम सुंदर, श्रीनु और रंधीर सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। टीम ने विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। भूकंप से संबंधित सत्र में बताया गया कि ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय धैर्य बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।

विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थानों की पहचान करने, मेज या मजबूत फर्नीचर के नीचे शरण लेने तथा खुले स्थानों की ओर सुरक्षित तरीके से जाने की प्रक्रिया समझाई गई। टीम ने यह भी बताया कि अफवाहों से बचते हुए सही जानकारी पर ही विश्वास करना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया, जिसमें घायल व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालने की तकनीक सिखाई गई। इसके साथ ही प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के महत्व पर जोर देते हुए घायलों को तत्काल सहायता पहुंचाने के सही तरीके बताए गए, जिससे गंभीर स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

अग्नि सुरक्षा पर विशेष सत्र आयोजित करते हुए टीम ने विभिन्न प्रकार की आग की पहचान, उनके कारण और उन्हें बुझाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। अग्निशमन यंत्र के उपयोग का लाइव प्रदर्शन कर विद्यार्थियों को इसका सही तरीका सिखाया गया, ताकि आपात स्थिति में वे स्वयं और दूसरों की सहायता कर सकें।


इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों में आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्हें कठिन परिस्थितियों में संयम व सूझबूझ के साथ निर्णय लेने की प्रेरणा मिली। विद्यालय परिवार ने एसएसबी टीम के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम बच्चों के लिए अत्यंत उपयोगी और जीवनरक्षक साबित होते हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई