किशनगंज/पोठिया/राज कुमार
आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय 2 योजना के तहत शुक्रवार को पोठिया प्रखंड के ग्राम बक्सा में पशु बांझपन निवारण शिविर और पशु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य पशुओं में बढ़ते बांझपन रोग पर नियंत्रण और पशुपालकों को बेहतर पशु स्वास्थ्य प्रबंधन की जानकारी देना था।
कार्यक्रम का आयोजन प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय आजादनगर की ओर से किया गया। यह आयोजन बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के निर्देश पर संपन्न हुआ। शिविर का उद्घाटन आलम आरा, माननीय सदस्य पंचायत समिति सारोगोड़ा और जिला पशुपालन पदाधिकारी किशनगंज ने संयुक्त रूप से किया।
शिविर में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ संजय कुमार और डॉ शशिकांत सिंह ने पशुपालकों को संबोधित किया। दोनों चिकित्सकों ने बताया कि पशुओं में बांझपन रोग के कारण दुग्ध उत्पादन घटता है। इससे पशुपालकों को सीधा आर्थिक नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण और स्वच्छ पशुशाला से इस समस्या पर नियंत्रण संभव है।
डॉ संजय कुमार और डॉ शशिकांत सिंह ने पशुपालकों को पशु बांझपन से संबंधित आवश्यक चिकित्सीय सलाह दी। उन्होंने पशुओं के गर्भधारण में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी सुझाव दिए।
शिविर के दौरान कुल 227 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के बाद जरूरतमंद पशुओं को आवश्यक दवाएं नि शुल्क दी गईं। कई पशुपालकों को मौके पर ही उपचार मिला। इससे ग्रामीणों में संतोष देखा गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में मोहम्मद साबिर आलम, शफी अहमद, मुजदर नासरी और सुमित कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। स्थानीय पशुपालकों ने इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविर से उन्हें इलाज और जानकारी दोनों एक ही स्थान पर मिलती है।
अधिकारीयों ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र में आगे भी इसी तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि पशुपालकों की आय में वृद्धि हो और पशुधन स्वस्थ रह सके।

























