किशनगंज:कटाव निरोधी बांध निर्माण का रास्ता हुआ साफ,प्राक्कलन समर्पित

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार

पोठिया प्रखंड के तैयबपुर बाजार से चमरानी श्मशान घाट तक कटाव निरोधी बांध निर्माण का रास्ता साफ होता दिख रहा है। जल निस्सरण विभाग ने एक माह पहले जिला परिषद सदन में उठी मांग पर जवाब दिया था। अगर विभाग ने जल्द काम शुरू नहीं किया तो स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण सड़क पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

महानंदा और डोंक नदी के किनारे बसे दर्जनों गांव हर साल बाढ़ के समय कटाव का दंश झेलते हैं। इसे लेकर पोठिया प्रखंड के जिला परिषद क्षेत्र संख्या 14 के जिला पार्षद निरंजन राय लगातार सदन में कटाव निरोधी कार्य की मांग करते आ रहे हैं। विभाग ने पत्राचार के जरिए जानकारी दी है कि विश्व बैंक संपोषण से महानंदा नदी के बाएं तट पर तैयबपुर ब्रिज से गोरिहाट तक बोल्डर रिवेटमेंट कार्य का प्राक्कलन समर्पित किया गया है। स्वीकृति के बाद स्थल का प्रोटेक्शन बॉल्डर से किया जाएगा।फिलहाल स्थल की निगरानी की जा रही है।

कटाव दिखने पर बाढ़ निरोधी कार्य कर स्थल को सुरक्षित किया जाएगा। जिला पार्षद निरंजन राय ने बताया कि तैयबपुर बाजार, मध्य विद्यालय कलियागंज, फुलबारी मदरसा, तैयबपुर पम्प हाउस, कलियागंज, गोरिहाट मदरसा, टप्पू मजार, बड़ापोखर, खेकिबस्ती, चमरानी घाट समेत दर्जनों गांव, मंदिर, मस्जिद और शैक्षणिक संस्थान कटाव के खतरे में हैं।

समय रहते कटाव निरोधी कार्य नहीं हुआ तो बड़ी अनहोनी हो सकती है।निरंजन राय ने कहा कि अगर जल निस्सरण विभाग ने कटाव रोकने के लिए सकारात्मक पहल नहीं की तो इस बार किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!