उत्कृष्ट कार्य करने वाली दीदियों को किया गया सम्मानित
आजमनगर /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत आरके उच्च विद्यालय परिसर में स्तुति जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड आजमनगर की ओर से सामान्य निकाय की द्वितीय वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलित एवं स्वागत गीत के साथ हुई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जीविका की प्रखंड परियोजना प्रबंधक मिली दास गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में जीविका दीदियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया तथा संस्था की उपलब्धियों, वर्तमान गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।सभा के दौरान समिति की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट, आय-व्यय का विवरण तथा आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना सदस्यों के समक्ष प्रस्तुत की गई।
बैठक में महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्वरोजगार को बढ़ावा देने, बचत एवं ऋण गतिविधियों को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाने, महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने, सतत आजीविका संवर्धन, दीदी की रसोई एवं कम्युनिटी न्यूट्रिशन केयर सेंटर को विस्तार देने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं एवं पेंशन के दायरे में सभी सदस्य परिवारों को शामिल करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली जीविका दीदियों एवं कर्मियों को बेस्ट कैडर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इस वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सीएलएफ कैडरों को पुरस्कार स्वरूप पुस्तकें एवं आकर्षक उपहार प्रदान किए गए।
एमबीके मास्टर बुककीपर पूजा कुमारी, कम्युनिटी मोबिलाइजर क्लस्टर फैसिलिटेटर सुमन सिन्हा , उमा बैंक मित्र सहित अन्य बेहतर प्रदर्शन करने वाले समूहों एवं दीदीयों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बीपीएम मिली दास गुप्ता ने कहा कि जीविका से जुड़कर ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ सामाजिक नेतृत्व में भी आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि आज आजमनगर प्रखंड में लगभग 65 हजार महिलाएं जीविका से जुड़कर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सभा में उपस्थित सदस्यों ने समिति के कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। अंत में समिति के पदाधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं से आत्मनिर्भर बिहार के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।


























