महिला ने चार बच्चों को दिया जन्म,जच्चा बच्चा स्वस्थ

SHARE:

परिजनों में उमड़ी खुशी की लहर

बहादुरगंज /किशनगंज/निशांत

किशनगंज शहर स्थित एएस अस्पताल में एक दुर्लभ और खुशी से भरी घटना सामने आई है। बहादुरगंज प्रखंड के बिरनिया गांव निवासी एक महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है। इस अनोखी घटना के बाद परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है। मां और सभी नवजातों के स्वस्थ होने की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचकर अपनी खुशियां साझा कर रहे हैं।


जानकारी के अनुसार बिरनिया गांव की निवासी इस्मत आरा ने एक साथ चार शिशुओं को जन्म दिया है। नवजातों में दो लड़के और दो लड़कियां शामिल हैं। लंबे समय से संतान सुख की प्रतीक्षा कर रहे परिवार के लिए यह किसी बड़े उपहार से कम नहीं है।


वहीँ इस्मत आरा ने बताया कि विवाह के कई वर्षों बाद भी उन्हें संतान प्राप्ति नहीं हुई थी। इसके लिए वह लगातार चिकित्सकीय परामर्श और इलाज करा रही थीं। काफी समय से प्रयास जारी था और इसी दौरान उन्हें गर्भधारण हुआ। अब एक साथ चार बच्चों के जन्म से परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं है।


एएस अस्पताल की संचालक डॉ. सुरैया तरन्नुम ने बताया कि महिला ने सफलतापूर्वक चार बच्चों को जन्म दिया है। सभी नवजात स्वस्थ हैं और चिकित्सकीय निगरानी में रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि चारों बच्चों में दो लड़कियां और दो लड़के हैं। मां की स्थिति भी सामान्य है तथा अस्पताल की टीम लगातार उनकी देखभाल कर रही है।


एक साथ चार बच्चों के जन्म की खबर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोग इसे परिवार के लिए ईश्वर का विशेष आशीर्वाद मान रहे हैं। वहीं परिजनों ने सफल प्रसव के लिए अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया है। चिकित्सकों के अनुसार मां और सभी नवजातों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा रही है तथा सभी की स्थिति संतोषजनक है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!