कटिहार – यात्रियों की निरंतर बढ़ती मांग को पूरा करने, सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने और अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने ट्रेन संख्या 05736/05735 कटिहार -अमृतसर -कटिहार स्पेशल ट्रेन की सेवाओं को दोनों दिशाओं में पांच अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी
कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि यह ट्रेन अपने मौजूदा संयोजन, समय-सारणी, ठहराव और अनुरक्षण सूची के साथ चलती रहेगी, जिससे बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और मार्ग में पड़ने वाले अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए निर्बाध कनेक्टिविटी बरकरार रहेगी।
5 अगस्त से 2 सितंबर, 2026 तक ट्रेन संख्या 05736 कटिहार-अमृतसर स्पेशल, प्रति बुधवार को 21:00 बजे कटिहार से रवाना होगी। जबकि 7 अगस्त से 4 सितंबर, 2026 तक ट्रेन संख्या 05735 अमृतसर-कटिहार स्पेशल, प्रति शुक्रवार को 13:25 बजे अमृतसर से रवाना होकर अपने संबंधित गंतव्य तक पहुंचेगी।
आवश्यकता पड़ने पर स्पेशल ट्रेन सेवाएं शुरू करने और उसके फेरों की वृद्धि कर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए एनएफआर प्रतिबद्ध है। ऐसी पहल न केवल नियमित ट्रेनों पर भीड़-भाड़ कम करने में मदद करती हैं, बल्कि पूरे क्षेत्र में यात्रियों के लिए आसान, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा भी सुनिश्चित करती हैं।
यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले आईआरसीटीसी और एनटीईएस वेबसाइट या एनएफआर के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर विस्तृत समय-सारणी और ठहरावों की जांच कर लें।

























