कोढ़ा /कटिहार -प्रखंड मुख्यालय स्थित कोढ़ा पशु चिकित्सालय परिसर में बुधवार को समेकित भेड़ एवं बकरी विकास योजना के तहत चयनित लाभुकों के बीच बकरियों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में कुल 17 लाभुकों को तीन-तीन बकरियां प्रदान की गईं।
योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बकरी पालन को बढ़ावा देकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की आय में वृद्धि करना तथा उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार मेहता ने लाभुकों को बकरी पालन के वैज्ञानिक तरीकों, पशुओं के उचित रखरखाव, संतुलित आहार, समय-समय पर टीकाकरण एवं रोगों से बचाव के संबंध में आवश्यक जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यदि लाभुक आधुनिक तकनीक और विभागीय सलाह के अनुरूप बकरी पालन करेंगे तो यह उनके लिए आय का एक स्थायी एवं लाभदायक स्रोत बन सकता है। डॉ. मेहता ने बताया कि कटिहार जिले में समेकित भेड़ एवं बकरी विकास योजना के तहत कुल 262 लाभुकों का चयन किया गया है। प्रथम चरण में विभिन्न प्रखंडों में चयनित लाभुकों के बीच क्रमवार बकरियों का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कोढ़ा में वितरण के बाद बरारी प्रखंड में नौ चयनित लाभुकों के बीच भी जल्द ही बकरियों का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर नोडल पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विकास कुमार सुनील मुर्मू सहित पशुपालन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लाभुकों से अपील की कि वे विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए बकरी पालन को व्यवसाय के रूप में अपनाएं, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन को नई गति मिल सके।


























