आरोग्य दिवस सत्रों के प्रभावी संचालन को लेकर निर्देश जारी

SHARE:

कटिहार–जिला स्वास्थ्य समिति ने आरोग्य दिवस सत्र के प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध संचालन के उद्देश्य से एएनएम एवं फील्ड स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के लिए विस्तृत निर्देश जारी किया है। जिसका उद्देश्य प्रत्येक स्वास्थ्य उपकेंद्र एवं पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले आरोग्य दिवस सत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करना तथा निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करना है।

जिला समिति द्वारा जारी निर्देशानुसार सभी एएनएम एवं फील्ड स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को पहचान पत्र आईडी कार्ड के साथ निर्धारित ड्रेस कोड में समय पर उपस्थित रहना है।साथ हीं सभी सत्र पूर्वाह्न 08:00 बजे से 04:00 बजे अपराह्न तक संचालित किया जाना है। वहीं सत्र स्थल पर बीपी मशीन, स्टेथोस्कोप, हीमोग्लोबिनोमीटर वजन मापने की मशीन, यूरिन किट,माप टेप सहित अन्य आवश्यक उपकरण तथा संसाधन उपलब्ध रहना अनिवार्य है।

प्रत्येक सत्र में कम-से-कम 50 लाभार्थियों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसमें गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच एएनसी, प्रसव उपरांत जांच पीएनसी, योग्य दम्पति सेवाएं, किशोरियों के लिए आयरन एवं एल्बेंडाजोल टेबलेट का वितरण, पूर्ण टीकाकरण, जीरो डोज, आदर्श दम्पति परामर्श एवं ओपीवी-० सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसको लेकर एएनएम को प्रत्येक सत्र का कांप्रेंस टैली शीट एवं आरसीएच रजिस्ट्रर का अद्यतन संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान सास-बहू सम्मेलन, सामुदायिक सहभागिता तथा नियमित समीक्षा बैठक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने पर विशेष बल दिया गया है।जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, स्वास्थ्य प्रबंधक, एलएचवी, एएनएम एवं संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को आरोग्य सत्रों के संचालन को लेकर जारी निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। ताकि सभी पात्र लाभार्थी तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर पहुंच सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!