किशनगंज में बांग्लादेशी नागरिक सहित दो गिरफ्तार,पूछताछ जारी

SHARE:

फर्जी कागजात किया गया बरामद

बांग्लादेशी महिला को भी किया गया गिरफ्तार


किशनगंज/प्रतिनिधि


किशनगंज टाउन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार की देर रात रूईधासा प्रेमपुल के पास से एक बांग्लादेशी नागरिक और उसे शरण देने वाले एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल किया है।

गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिक की पहचान मोहम्मद हसन शेख उर्फ असनुल्ला मल (मूल निवासी: मालबारी मियाचन, बेपारीर, कंडी अलावलपुर, बांग्लादेश; वर्तमान पता: तीकनपूर्वा शेओपुर बहराईच, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, उसका साथ दे रहा गिरफ्तार स्थानीय युवक जाकिर हुसैन सदर थाना क्षेत्र के महीनगांव डीलरचौक का रहने वाला है।


पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में बांग्लादेशी नागरिक के पास से एक मोबाइल, जाली आधार कार्ड, जाली पैन कार्ड, 120 रुपये नकद, एक सिक्का और बैग बरामद हुआ है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने एक एजेंट की मदद से भारत में फर्जी दस्तावेजों के जरिए आधार व पैन कार्ड बनवाए थे।


वहीं, स्थानीय आरोपी जाकिर हुसैन के पास से पुलिस ने एक बाइक, मोबाइल, वोटर कार्ड, पैन कार्ड, दो एटीएम कार्ड और नकद रुपये बरामद किए हैं।

सख्ती से पूछताछ में खोला राज

शुरुआती पूछताछ में बांग्लादेशी नागरिक पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया। उसने बताया कि वह अवैध तरीके से एजेंट के जरिए भारत में दाखिल हुआ था। रविवार रात वह ट्रेन से किशनगंज स्टेशन पहुंचा था और महीनगांव निवासी जाकिर हुसैन के साथ उसके घर जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

एसडीपीओ वन खुसरू सिराज ने कहा कि बांग्लादेशी नागरिक सहित एक स्थानीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि बांग्लादेशी नागरिक के किशनगंज आने के मुख्य उद्देश्य और फर्जी कागजात बनाने वाले नेटवर्क का पता लगाया जा सके।वही जाकिर की पत्नी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है जो कि बांग्लादेशी नागरिक बताई जा रही है।

इस त्वरित कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, अवर निरीक्षक रवि शंकर कुमार, अवर निरीक्षक बिक्रम कुमार एवं अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!