सालमारी /कटिहार – सालमारी पुलिस को वाहन चोरी के एक मामले में महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना कांड संख्या 116/26 दिनांक 28 जून 2026 जो भारतीय न्याय संहिता बीएनएस 2023 की धारा 303(2) के तहत दर्ज किया गया था। के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने चोरी की गई दो बाइक को बरामद कर लिया है।
मामले की जांच के क्रम में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान केसर महलदार उर्फ किशोर( 37) पिता कालू महलदार ग्राम बागडोब थाना बायसी जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष कुमारी जुली ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की दोनो बाइक बरामद की गईं।बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक दस्तावेजी कार्रवाई की जा रही है ताकि उन्हें उनके वैध स्वामियों को सौंपा जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आगे भी विशेष अभियान जारी रहेगा। साथ ही आम लोगों से भी अपने वाहनों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।


























