डंडखोरा/कटिहार–थाना क्षेत्र के सौरिया पंचायत के जनकपुर गांव के खेल मैदान में बुद्धवार की सुबह एक किशोर की संदिग्ध अवस्था में शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।जानकारी के अनुसार शव की पहचान जनकपुर गांव के हीं बेसरु केवट के पुत्र रवि कुमार (14) के रुप में हुई है।
बताया जाता है कि मृतक रवि कुमार 25 जुलाई की सुबह जो अपने घर से निकला था,फिर घर नहीं लौटा था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन किये जाने के बाद भी जब उसका कोई पता चला। तो डंडखोरा थाना में उसके गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई गई थी। पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। रोज़ की तरह बुद्धवार की सुबह परिजनों के साथ उसके पिता उसकी तलाश में निकले। तो जनकपुर गांव स्थित खेल मैदान के पास रवि का शव देखा गया।
शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों में भी सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते हीं थानाध्यक्ष विजय कुमार महतो दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम को भी बुला लिया गया।पुलिस व एफएसएल की टीम घटनास्थल का बारीकी से भौतिक एवं वैज्ञानिक जांच कर साक्ष्य जुटाने में जुटी हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस हर बिंदु की जांच कर रही है।उन्होंने बताया कि अब तक परिजनों द्वारा आवेदन भी नहीं दिया गया है और लाश का पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया है।घटना को लेकर गांव में मातमी माहौल है।तो वहीं परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।


























