किशनगंज के सुरजापुरी लेखिका मिली कुमारी राज्य स्तर पर हुई सम्मानित, बधाइयो का लगा तांता

SHARE:

डेस्क :अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में पटना के जेडी वीमेंस कॉलेज में ‘गार्गी नारी शक्ति सम्मेलन- 2024’ का आयोजन किया गया। बिहार के चर्चित आई.पी.एस. श्री विकास वैभव के द्वारा संचालित अभियान लेट्स इंस्पायर बिहार के अंतर्गत गार्गी अध्याय में किशनगंज की बेटी सुरजापुरी लेखिका मिली कुमारी को ‘गार्गी अचीवर्स अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इसमें बिहार की लगभग 200 वैसी महिलाओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने किसी न किसी क्षेत्र में अपना अभूतपूर्व योगदान दिया है।

चयनित महिलाएं शिक्षा, उद्यमिता, कला, साहित्य, समाज-सेवा, खेल-जगत्, चिकित्सा, अभिनय, नृत्य, संगीत, घरेलु उत्पीड़न के विरुद्ध न्याय दिलवाने आदि क्षेत्रों में अपना बहुमूल्य योगदान दे रही हैं। सभी चयनित महिलाएं मूल रूप से बिहार की हैं, जिनमें से कुछ भारत के विभिन्न राज्यों से सम्मिलित होने पटना आईं थीं।

गौरतलब हो की सुरजापुरी बोली बिहार के सीमांचल क्षेत्र में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली बोली है। जिसमें लेखिका मिली कुमारी ने सुरजापुरी उपन्यास पोरेर बेटी नाम की एक पुस्तक लिखी है। साहित्य जगत की पहली सुरजापुरी पुस्तक सीमांचल सहित पूरे बिहार में धूम मचा रही है। सुरजापुरी बोली और इसकी संस्कृति को लेखन के माध्यम से पूरे बिहार में प्रचलित करने वाली सुरजापुरी बेटी के जज्बे को देख कर उन्हें विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा रहा है। यह किशनगंज वासियों के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि और गौरव की बात है।

लेट्स इंस्पायर बिहार के इस अभियान में हजारों की संख्या में महिलाओं ने नॉमिनेशन फॉर्म भरा था। इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आईपीएस विकास वैभव उपस्थित रहे। इस दौरान विकास वैभव ने कहा कि Let’s Inspire Bihar का लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत में विकसित बिहार का निर्माण है, जिसमें नारीशक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में लगभग 1 लाख से अधिक लोग स्वैच्छिक रूप से बिहार के उज्ज्वलतम भविष्य निर्माण हेतु संकल्पित लेट्स इंस्पायर बिहार अभियान से जुड़ चुके हैं।

इसमें गार्गी अध्याय बिहार में विकासोन्मुखी महिलाओं का प्रमुख स्तंभ तथा मंच बन चुका है और समाज में गार्गी पाठशाला, गार्गी कला कौशल केंद्र, उत्कृष्टता सम्मान तथा अनेक माध्यमों से प्रेरणा का प्रसार कर रहा है। इस अवसर पर गार्गी लेजेंडरी अवार्ड, गार्गी ग्रैचिट्यूड अवार्ड, गार्गी अचीवर्स अवार्ड, गार्गी नोबल एडुकेटर्स अवार्ड एवं गार्गी अप्रीसिएशन अवार्ड दिए गए। विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री से अलंकृत विमल जैन, पद्मश्री से अलंकृत दुलारी देवी, पद्मश्री से अलंकृत सुधा वर्गीस, ब्रिगेडियर आशुतोष सिंह के अतिरिक्त अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे ।

सबसे ज्यादा पड़ गई