संवाददाता/किशनगंज
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में बुधवार को पोठिया प्रखंड की कोल्था पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम लोगों की समस्याएं सुनकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई।
अधिकारियों ने बताया कि कोल्था पंचायत में अब तक कुल 91 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। इनमें 45 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे, जबकि शेष विभिन्न विभागों के थे। बुधवार को आयोजित शिविर में 48 नए आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 27 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने शेष लंबित आवेदनों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
डीएम ने सहयोग शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन देने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस अधीक्षक ने नशामुक्ति अभियान, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई, गोपनीय शिकायतों पर की जा रही छापेमारी तथा थाना स्तर पर चल रहे अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी, पोठिया को कोल्था पंचायत सरकार भवन की चारदीवारी पर हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। इसके अलावा ग्रामीणों द्वारा उठाई गई रास्ता और नदी कटाव की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रखंड विकास पदाधिकारी को पंचायत सरकार भवन में कार्यपालक सहायकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए आरटीपीएस सेवाओं का समयबद्ध निष्पादन कराने को कहा गया।
इससे पूर्व जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पोठिया स्थित प्रस्तावित सीआईएसएफ परिसर के लिए चिह्नित भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी को निर्देश दिया गया कि जिन 22 लाभुकों का बंदोबस्ती पर्चा स्वीकृत हो चुका है, उन्हें शीघ्र पर्चा वितरित कर संबंधित भूमि पर आवास निर्माण के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही भूमि को अतिक्रमणमुक्त कर प्रस्तावित सीआईएसएफ निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा सहयोग शिविरों को आमजन के लिए प्रभावी जनसेवा मंच के रूप में संचालित करने का निर्देश दिया।
























