सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों का हुआ निष्पादन – एसडीएम

SHARE:

मनिहारी/कटिहार – सरकार के निर्देश के आलोक में बुधवार को मनिहारी प्रखंड की दिलारपुर पंचायत भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं तथा प्राप्त आवेदनों का त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से निष्पादन किया।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी शिकायतें और आवेदन संबंधित विभागों के समक्ष प्रस्तुत किए। अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकीनाथ सिंह ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकार की मंशा के अनुरूप लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से समाधान करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान प्राप्त 103 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि अन्य मामलों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एसडीएम श्री सिंह ने बताया कि शिविर में जन्म, मृत्यु,आय, आवासीय एवं जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, परिमार्जन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पादन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार ने कहा कि दिलारपुर पंचायत में कई पात्र लाभुक जीवन प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाने के कारण सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ लेने से वंचित हैं।

उन्होंने ऐसे सभी लाभुकों से सहयोग शिविर में लगे काउंटर पर पहुंचकर जीवन प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र बनवाने की अपील की। शिविर में राजस्व, सार्वजनिक वितरण प्रणाली,स्वास्थ्य, कृषि,विद्युत सहित दर्जनों विभागों के काउंटर लगाए गए थे। इस अवसर पर मुखिया हीना देवी, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य,अंचल पदाधिकारी चंदन कुमार, सहायक राजस्व पदाधिकारी एहसान अली, प्रखंड कृषि पदाधिकारी गौरव कुमार, एमओ दीपक कुमार,विद्युत विभाग के कनीय अभियंता अभिजीत कुमार, कृषि समन्वयक यूनूस खान सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मी मौजूद रहे ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!