नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल पर महापौर की पहल,कर्मचारियों की मांगों के शीघ्र समाधान हेतु बिहार सरकार को भेजा पत्र

SHARE:

कटिहार – नगर निगम कटिहार में जारी राज्यव्यापी हड़ताल के क्रम में महापौर श्रीमती ऊषा देवी अग्रवाल ने हड़ताली कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उप महापौर मंजूर खान , नगर आयुक्त संतोष कुमार ,सशक्त स्थायी समिति के सदस्यगण तथा नगर निगम वार्ड पार्षदगण भी उपस्थित रहे। कर्मचारियों की विभिन्न मांगों एवं समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

इसके उपरांत सभी जनप्रतिनिधियों की सहमति से कर्मचारियों की मांगों को संकलित कर उनके शीघ्र समाधान हेतु बिहार सरकार को औपचारिक पत्र प्रेषित किया गया। ताकि सकारात्मक संवाद के माध्यम से हड़ताल का जल्द समाधान सुनिश्चित किया जा सके।


महापौर श्रीमती ऊषा देवी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों को आवश्यक नगर निगम सेवाएँ निर्बाध रूप से उपलब्ध कराना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।


महापौर ने कटिहारवासियों से अपील करते हुए कहा कि इस अस्थायी परिस्थिति में धैर्य एवं सहयोग बनाए रखें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार और कर्मचारियों के बीच सकारात्मक संवाद के माध्यम से शीघ्र ही समाधान निकलेगा।

महापौर ने कहा कि संवाद,संवेदनशीलता और समाधान के प्रति हमारी प्रतिबद्धता अटूट है। जनसेवा हमारा सर्वोच्च दायित्व है और कर्मचारियों की जायज़ समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!