संवाददाता:निसार अहमद
गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगंज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 लीटर बीयर के साथ एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त इको स्पोर्ट कार को भी जब्त कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात सूचना मिली थी कि एनएच-327ई स्थित संगत होटल के समीप एक कार से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और संदिग्ध कार को घेर लिया। पुलिस को देखकर कार में सवार एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान इको स्पोर्ट कार की चालक सीट और बीच की सीट के नीचे छिपाकर रखे गए दो कार्टन से बीयर की 48 बोतलें (करीब 24 लीटर) बरामद की गईं।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालुघाट बेलारिकागंज साधु टोला निवासी 28 वर्षीय निर्मल कुमार यादव, पिता राजेंद्र प्रसाद यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।बहादुरगंज से निसार अहमद की रिपोर्ट
























