अवैध आशा हॉस्पिटल सील,अवैध नर्सिंग होम संचालकों में हड़कंप

SHARE:

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

बरारी /कटिहार – नगर पंचायत बरारी के जागेश्वर उच्च विद्यालय के समीप कई वर्षों से अवैध रूप से संचालित किए जा रहे आशा हॉस्पिटल पर बुधवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अस्पताल को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जबकि प्रशासन मामले की विस्तृत जांच में जुट गया है।

गुप्त सूचना के आधार पर बरारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुसर्रफ हुसैन, बीडीओ धीरेन्द्र कुमार धीरज, सीओ मनीष कुमार, डॉ. यूडी सिन्हा तथा एसआई अमित कुमार और अमन कुमार के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल परिसर में छापा मारा। जांच के दौरान अस्पताल में प्रसव पीड़िता ट्विंकल कुमारी भर्ती मिली, जिसे तत्काल बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया गया। डॉ. मुसर्रफ हुसैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अस्पताल संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। अस्पताल के लंबे समय से बिना वैध अनुमति संचालित होने की सूचना मिली थी।

जिसके बाद तत्काल प्रभाव से उसे सील कर दिया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से स्वास्थ्य संस्थान संचालित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल संचालक के लाइसेंस, पंजीकरण और अन्य अभिलेखों की जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि चार-पांच दिन पूर्व अवैध निजी नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग लगातार ऐसे संस्थानों पर कार्रवाई कर रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!