किशनगंज/सागर चंद्रा
बैंक गई महिला से 9 हजार रूपये की छिनतई करने वाले आरोपी युवक के विरुद्ध टाउन थाने में केस दर्ज किया गया है। पुराना खगड़ा पश्चिम बस्ती निवासी पीड़िता शाहेरून निशा की लिखित शिकायत पर के दर्ज कर पुलिस ने पानीबाग निवासी आरोपी मोहम्मद जकरिया अहमद (23) पिता मुख्तार अहमद को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बताते चलें कि गत 31 जुलाई को पीड़िता रुपये की निकासी करने के लिए अस्पताल रोड स्थित बैंक गई थी।
उसने अपने खाते से 35 हजार रूपये की निकासी भी की थी। लेकिन एक 500 के नोट में कलम से कुछ लिखा मिला था। पास खड़े एक युवक ने उसे काउंटर से नोट बदलने की नसीहत दी। जब वह बैंक काउंटर में नोट बदलने गई तो आरोपी ने चुपके से 9 हजार रूपये निकाल लिया और बाकी रुपये उसे वापस कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से ही महिला शाहेरून निशा आरोपी की तलाश में जुट गई थी।
लेकिन गत 3 अगस्त को जब वह डे मार्केट सब्जी मंडी जा रही थी तो इसी दौरान उसकी नजर आरोपी पर पड़ गई। शाहेरून निशा ने स्थानीय लोगों की मदद से आरोपी को दबोच लिया और परिजनों को घटना की जानकारी दे दी।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। परिजनों ने बताया कि आरोपी का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। अपने नशे की पूर्ति के लिए वह अक्सर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देता रहता है।

























