वेतन वृद्धि व स्थायी नौकरी की मांग को लेकर सफाई कर्मियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल, सड़क पर फेंका कचरा; नप कार्यालय का घेराव

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

नगर परिषद के सफाईकर्मी बुधवार को वेतन वृद्धि, सेवा स्थायीकरण समेत विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। विरोध स्वरूप कर्मचारियों ने डेमार्केट रोड पर कचरा फेंककर प्रदर्शन किया और बाद में नगर परिषद कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। कार्यपालक पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों ने मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

सफाईकर्मियों का कहना है कि वर्षों से सेवा देने के बावजूद उन्हें स्थायी नौकरी और सम्मानजनक वेतन नहीं मिला है। बढ़ती महंगाई में वर्तमान वेतन पर परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि कई बार मांगें उठाने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस पहल नहीं की।

ज्ञापन में बिहार लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन, पटना एवं बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान का हवाला देते हुए बताया गया है कि 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू है। कर्मचारियों के अनुसार 5 जुलाई को ही नगर परिषद प्रशासन को हड़ताल की पूर्व सूचना दे दी गई थी, लेकिन वार्ता की कोई पहल नहीं हुई।

हड़ताली कर्मचारियों ने कहा कि वेतन वृद्धि, सेवा स्थायीकरण और अन्य लंबित मांगों पर निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल का असर शहर की सफाई व्यवस्था पर दिखने लगा है। कई इलाकों में कचरा उठाव प्रभावित होने से लोगों को परेशानी हो रही है। प्रदर्शन में सोनू मलिक, विशाल मलिक, शीतल मलिक, आरती देवी, मारनी देवी, लीला देवी, शांति देवी, चंदा देवी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!