किशनगंज:279 लीटर विदेशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो जब्त

SHARE:


किशनगंज/प्रतिनिधि

जिले के पाटामारी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 279 लीटर विदेशी शराब के साथ दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पटना जिले के रहने वाले हैं।


पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर अवैध शराब एवं अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर पाटामारी थाना क्षेत्र स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान सिलीगुड़ी की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (BR01JP1033) को रोककर तलाशी ली गई।


तलाशी के दौरान वाहन से 279 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मौके से स्कॉर्पियो चालक आकाश कुमार (24 वर्ष) तथा रोहित कुमार (26 वर्ष), दोनों निवासी थाना बेऊर, जिला पटना, को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब की खेप सिक्किम से लाई जा रही थी। पुलिस बरामद शराब के नेटवर्क की कड़ियों को खंगाल रही है और इसमें शामिल अन्य तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। साथ ही तस्करों द्वारा अर्जित संपत्ति की जांच कर विधि सम्मत कार्रवाई भी की जाएगी।


इस मामले में पाटामारी थाना कांड संख्या 38/2026 दर्ज करते हुए बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!