दहेज प्रताड़ना का शिकार बनी महिला अपने 5 बच्चों के साथ पहुंची थाने, पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज

SHARE:

सागर चंद्रा/ किशनगंज


पति और ससुराल वालों के द्वारा दहेज की मांग कर लगातार प्रताड़ित किए जाने से परेशान महिला न्याय की गुहार लगाने पुलिस के समक्ष जा पहुंची। अपने 5 बच्चों के साथ पुलिस पदाधिकारी के समक्ष अपनी आपबीती सुनाते ही पुलिस भी चौंक उठी। कोचाधामन थाना क्षेत्र के सोंथा निवासी पीड़ित महिला शबनम प्रवीण 30 वर्ष के लिखित शिकायत पर पति और ससुराल वालों के विरुद्ध स्थानीय महिला थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।


जानकारी के अनुसार शबनम की शादी वर्ष 2012 में सोंथा हाट निवासी इजहार खान पिता इसराफील खान के साथ हुई थी। शादी के 10 साल बाद तक उसने सुखमय वैवाहिक जीवन व्यतीत किया। इस दौरान वह तीन बेटी और दो बेटे की मां भी बन गई। लेकिन लगातार तीन बेटियों को जन्म दिये जाने के बाद ससुराल वालों के तानों ने उसे परेशान कर दिया था। लेकिन इसके बाद दो बेटे को जन्म दिये जाने के बाद भी ससुराल वाले उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते रहे। विगत तीन वर्षों से पति ने उसे खाना खर्चा देना भी बंद कर दिया।

जिससे वह मायके वालों के सहयोग से अपना और बच्चों का भरण-पोषण करने लगी। लेकिन गत 24 मई को जब शबनम ने अपने पति इजहार से खाना खर्चा के लिए रुपयों की मांग की तो पति ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। ससुराल वाले भी शबनम की हत्या करने को लेकर इजहार को उकसाते रहे। शोर शराबे को सुनकर आस-पड़ोस के लोगों को जुटता देखकर पति और ससुराल वालों ने उसे तलाक देने की धमकी दे कर घर से निकाल दिया।

घटना के बाद शबनम ने अपने पांच बच्चों के साथ मायके में शरण ले ली और न्याय की गुहार लगाने महिला थाने पहुंच गई।
वहीं महिला थानाध्यक्ष सुनीता कुमारी ने बताया कि पीड़िता के लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!