बौलिया निवासी अब्बास नहाने के दौरान हुआ लापता
रातभर परिजनों ने की खोजबीन
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी प्रखंड के बाघमारा घाट पर गंगा में नहाने के दौरान एक युवक तेज धारा में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को युवक की तलाश में लगा दिया है। जानकारी के अनुसार बौलिया निवासी अब्बास (32) पिता मोहम्मद सुद्दीन मंगलवार को बाघमारा घाट पर स्नान करने गया था।
इसी दौरान वह गंगा की तेज धारा की चपेट में आकर लापता हो गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने रातभर अपने स्तर से युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को घटना की सूचना अंचल पदाधिकारी चंदन कुमार को दी गई।
इसके बाद प्रशासन ने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को मौके पर भेजा। टीम नदी में लगातार सर्च अभियान चलाकर लापता युवक की तलाश कर रही है। परिजनों ने बताया कि अब्बास तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह अविवाहित था और मानसिक रूप से भी कमजोर बताया जाता है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था और एसडीआरएफ की टीम का खोज अभियान जारी था।
























