संवाददाता: विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के डोरिया से लोधाबाड़ी होते हुए टेढ़ागाछ जाने वाली मुख्यमंत्री सड़क रेतुआ नदी के तेज कटाव की चपेट में आ गई है। लोधाबाड़ी एवं डोरिया गांव के बीच नदी का कटाव लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे सड़क का अस्तित्व खतरे में पड़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते संबंधित विभाग द्वारा कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया, तो मुख्यमंत्री सड़क नदी में समा सकती है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क दर्जनों पंचायतों के लोगों के लिए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। सड़क क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में हजारों लोगों का आवागमन बाधित हो जाएगा और उन्हें लगभग छह किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर प्रखंड मुख्यालय पहुंचना पड़ेगा। इससे विद्यार्थियों, मरीजों, किसानों एवं दैनिक यात्रियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय ग्रामीण सलाहुद्दीन एवं एआईएमआईएम प्रखंड अध्यक्ष राहत हुसैन ने संबंधित विभाग तथा जिला पदाधिकारी नवीन कुमार से अविलंब कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि रेतुआ नदी में लगातार जलस्तर के उतार-चढ़ाव के कारण कटाव तेजी से बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र स्थायी सुरक्षा उपाय नहीं किए गए, तो सड़क का बड़ा हिस्सा नदी में विलीन हो सकता है, जिससे क्षेत्र के लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी।
























