किशनगंज /सागर चन्द्रा
वाहन के चपेट में आने से बुरी तरह से जख्मी महिला की इलाज के क्रम में मौत हो गई। सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाजरत अज्ञात महिला शुक्रवार अल सुबह जिंदगी की जंग हार गई। इस बीच सोशल मीडिया में वायरल तस्वीरों के आधार पर उसकी पहचान बहादुरगंज थाना क्षेत्र के भकरनबाड़ी वार्ड नंबर 10 निवासी 48 वर्षीय शहनाज बेगम के रूप में की गई।
मृतका की पहचान के बाद उसके परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही टाउन थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात शहनाज बेगम को जनता कन्हैयाबाड़ी के समीप सड़क किनारे घायल अवस्था में पाया गया था। लोगों को अंदेशा था कि किसी अज्ञात वाहन के चपेट में आने से वह घायल हो गई थी। लोगों ने उसे अज्ञात मानकर इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई।
