भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने आयोजित की ग्राम बैठक, सुरक्षा और जनसहभागिता पर दिया गया जोर।
विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज): भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 12वीं बटालियन के बीओपी पैकटोला द्वारा सोमवार को पैकटोला गांव में ग्रामीणों के साथ एक ग्राम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आसी/गधेम चंद दोले ने की। कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना, ग्रामीणों के साथ समन्वय स्थापित करना तथा जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करना था।
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं, विकास कार्यों तथा सीमा क्षेत्र से जुड़े विषयों को अधिकारियों के समक्ष रखा। एसएसबी अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को सीमा सुरक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अवैध तस्करी से संबंधित सूचना तत्काल एसएसबी या स्थानीय प्रशासन को दें। साथ ही अफवाहों से बचने, आपसी सौहार्द बनाए रखने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ निरंतर सहयोग करने का भी आग्रह किया गया। बैठक में सामाजिक समरसता, नशामुक्ति, शिक्षा, स्वच्छता तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और सुरक्षा के लिए स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में पैकटोला सहित आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने खुलकर अपने सुझाव और समस्याएं रखीं। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा अंत में ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की बैठकों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की।


























