विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज): बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग एवं बिहार रूरल डेवलपमेंट सोसाइटी (BRDS) के निर्देशानुसार सोमवार को टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा भवन में VB-G RAM G अधिनियम, 2025 विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण सह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड की सभी पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों एवं इसके प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार, पंचायत तकनीकी सहायक प्रहलाद कुमार झा, सभी पंचायत रोजगार सेवक, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य तथा वार्ड सदस्य उपस्थित थे।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि VB-G RAM G अधिनियम, 2025 को पूरे देश में 1 जुलाई 2026 से लागू किया जाएगा। इसके सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य सरकार द्वारा चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और मनरेगा से जुड़े कर्मियों को अधिनियम के उद्देश्य, प्रमुख प्रावधान, कार्यप्रणाली, दायित्व तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह क्रियान्वयन की जानकारी दी गई।कार्यक्रम पदाधिकारी विपिन कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों को नई व्यवस्था से अवगत कराना तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के संचालन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अधिनियम के प्रावधानों को गंभीरता से समझते हुए विकास योजनाओं के प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।बैठक के दौरान मनरेगा योजनाओं के बेहतर संचालन, पंचायत स्तर पर पारदर्शिता, समयबद्ध कार्य निष्पादन, जनसहभागिता तथा ग्रामीणों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।जनप्रतिनिधियों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए राज्य सरकार की इस पहल का स्वागत किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए अधिनियम के लागू होने से पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता को और अधिक मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों से VB-G RAM G अधिनियम, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने की अपील के साथ हुआ।


























