अमदाबाद /कटिहार – नगर पंचायत क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर हट गए।
हालांकि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने एहतियात के तौर पर संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। ट्रांसफार्मर जल जाने से इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
इस भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जदयू नगर अध्यक्ष संजीव कुमार साह ने बिजली विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। इधर बिजली विभाग के कनीय अभियंता कौशल कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। नया ट्रांसफार्मर शनिवार को उपलब्ध होने के बाद उसे स्थापित कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।























