कोढा / कटिहार- प्रखंड क्षेत्र में मोहर्रम का पर्व इस वर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रखंड के मुसापुर चौक स्थित कर्बला मैदान में विभिन्न पंचायतों एवं कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र से निकले ताजिया जुलूस एकत्रित हुए, जहां पारंपरिक रीति -रिवाजों के साथ ताजिया का विसर्जन किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र आस्था और भाईचारे के रंग में सराबोर नजर आया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कर्बला स्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे कहीं भी अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 कोढ़ा सुनील कुमार शर्मा, कोढ़ा थाना अध्यक्ष पंकज आनंद, अपर थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद रहे और पूरे कार्यक्रम की निगरानी करते रहे। साथ ही बिहार सरकार के महादलित आयोग के अध्यक्ष मनोज ऋषि भी उपस्थित रहे। नगर प्रशासन की ओर से भी सराहनीय पहल देखने को मिली।
कोढ़ा नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शाहनवाज रजा के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए शरबत एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई। मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। मुसापुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सनोवर आलम समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग किया।
इस अवसर पर कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के गेड़ाबाड़ी बाजार, गेड़ाबाड़ी बस्ती, गोरगामा सहित प्रखंड के मुसापुर, महीनाथपुर एवं अन्य क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग कर्बला मैदान पहुंचे। भीड़ अधिक होने के बावजूद अनुशासन और आपसी सहयोग की मिसाल देखने को मिली। सबसे विशेष बात यह रही कि जुलूस के दौरान जब भी एंबुलेंस वहां पहुंची, ताजिया में शामिल लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत रास्ता खाली कर दिया और एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की।























