सागर चंद्रा/ किशनगंज
पंचायत में विलंब से पहुंचने पर दबंगों ने एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर दी। भरी पंचायत में घटित घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने हालामाला पंचायत के ओदरा निवासी घायल शाह आलम को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां इलाज के बाद पीड़ित के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं घायल ने बताया कि गत बुधवार को हालामाला पंचायत में एक आवेदन की सुनवाई थी। जिसमें पीड़ित को भी बुलाया गया था।
लेकिन व्यस्तता के कारण शाह आलम 10 मिनट देर से पंचायत में उपस्थित हुआ था। जिस कारण पंचायत में उपस्थित अंधवाकोल निवासी सलीम, अफजल, समीम, कलाम, जेवेरूल, कुटुस, अमीरूल, जमील, बलिसटर, मंसुर आदि भड़क गए और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर वार किये जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित को बचाने के लिए पहुंची पत्नी की भी पिटाई कर हत्या करने की धमकी भी दी गई।


























