भारत भूषण तिवारी मामले में फूटा जनआक्रोश, सर्व समाज ने निकाला कैंडल मार्च; निष्पक्ष जांच की उठी मांग

SHARE:



अररिया (फारबिसगंज) अरुण कुमार

फारबिसगंज नगर परिषद क्षेत्र में भारत भूषण तिवारी की कथित फर्जी मुठभेड़ में हुई मौत के विरोध में सर्व समाज के लोगों ने जन आक्रोश मार्च एवं कैंडल मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच की मांग की। इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ-साथ कांग्रेस, राजद, भाजपा तथा छात्र संगठनों से जुड़े कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।


आक्रोश मार्च शहर के पोस्ट ऑफिस चौक से शुरू होकर विभिन्न मुख्य मार्गों से गुजरते हुए स्टेशन चौक पहुंचा। इस दौरान लोगों ने घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए न्याय के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरे मामले की पारदर्शी जांच कर सच्चाई को सामने लाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।


स्टेशन चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राजद के नेताओं ने घटना को दुखद बताते हुए कहा कि कानून के शासन में हर नागरिक को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की।


इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता एवं वार्ड पार्षद उमाशंकर यादव उर्फ बुलबुल यादव ने भी घटना की निष्पक्ष जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई चूक हुई है तो उसकी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए। साथ ही उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की मांग की।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग दोहराई। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली। भारत भूषण तिवारी मामले को लेकर अब सीमांचल क्षेत्र में भी आवाज बुलंद होने लगी है और विभिन्न संगठनों द्वारा न्याय की मांग तेज होती जा रही है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई