टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 12वीं वाहिनी के बीओपी फतेहपुर में बुधवार को सीमा सुरक्षा एवं कानून- व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व एसएचक्यू डीसी श्री शैलेश सिंह ने किया। इस दौरान एसएसबी, नेपाल की सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) तथा बिहार पुलिस के अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने, सीमावर्ती क्षेत्रों में आपसी समन्वय बढ़ाने तथा सीमा पार होने वाली अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सीमा पर संयुक्त निगरानी, नियमित गश्ती, सूचना के आदान-प्रदान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
बैठक के दौरान दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण कायम रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सीमा सुरक्षा से जुड़े मामलों में आपसी सहयोग और समन्वय अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, तस्करी एवं अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
इसके अलावा आगामी पर्व- त्योहारों एवं विशेष अवसरों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने सीमावर्ती गांवों के लोगों से भी सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इसमें शामिल सभी सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए आपसी सहयोग एवं समन्वय को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। यह बैठक सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।


























