निसार अहमद/बहादुरगंज
विकास के दावों के बीच बहादुरगंज प्रखंड के समेश्वर पंचायत के वार्ड संख्या-6 के ग्रामीण आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। सड़क और पुल जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में यहां के लोगों का जीवन कठिनाइयों के बीच गुजर रहा है। वर्षों से उपेक्षित इस गांव के ग्रामीणों ने अपनी समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए बुधवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।
ग्रामीण सामूहिक रूप से ट्रैक्टर पर सवार होकर बहादुरगंज प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और सड़क तथा पुल निर्माण की मांग उठाई। उनका कहना था कि गांव तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क नहीं होने के कारण उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ट्रैक्टर पर पहुंचकर उन्होंने प्रशासन को यह संदेश देने की कोशिश की कि आज भी वे बदहाल रास्तों और दुर्गम परिस्थितियों में जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड संख्या-6 पूरी तरह टापू क्षेत्र में स्थित है। बरसात और बाढ़ के दिनों में गांव का संपर्क प्रखंड एवं जिला मुख्यालय से कट जाता है। जलस्तर बढ़ने के साथ ही आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है, जिससे लोगों को आवश्यक कार्यों के लिए भी बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को अस्पताल पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है, क्योंकि बाढ़ के दौरान विद्यालय तक पहुंचना जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब सड़क एवं पुल निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि टापू क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


























