ठाकुरगंज/किशनगंज:
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र की बुढ़नई पंचायत के खानकी बोदीभिठा गांव निवासी 8 वर्षीय मासूम मो. सैफ आलम की महानंदा नदी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। सोमवार से लापता बच्चे का शव घर से लगभग 10 किलोमीटर दूर निचितपुर घाट के समीप बरामद होने के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खानकी बोदीभिठा गांव निवासी नौशाद आलम का पुत्र मो. सैफ आलम सोमवार को महानंदा नदी किनारे किसी निजी कार्य से गया था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने महानंदा नदी में सघन खोज अभियान चलाया। इसी बीच बरचौंदी घाट के समीप नदी में एक बच्चे का शव दिखाई देने की सूचना मिली। सूचना पर स्थानीय लोग एवं प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया। पहचान होने पर मृतक की पुष्टि मो. सैफ आलम के रूप में हुई।
मासूम का शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। मां की चीत्कार और स्वजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो उठा। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण महानंदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है और नदी की धारा भी काफी तेज हो गई है। ऐसे में नदी किनारे बच्चों का जाना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा निगरानी बढ़ाने की मांग की है।
























