ग्रामीणों का छलका दर्द, बोले, आजादी के दशकों बाद भी बांस की चचरी पुल के सहारे जिंदगी, हमारे हक की सड़क दूसरी जगह ले जाना अन्याय
एमएमजीएसवाई विशेष योजना के तहत प्रस्तावित सड़क मार्ग बदलने का आरोप, अधिकारियों के आश्वासन के बाद शांत हुआ आक्रोश
राज कुमार/पोठिया/किशनगंज:
पोठिया प्रखंड क्षेत्र के भासीबाड़ी आदिवासी टोला के लोगों का वर्षों से दबा आक्रोश मंगलवार को सड़क पर उतर आया। सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित सैकड़ों ग्रामीणों ने बेलवा रामगंज मुख्य सड़क के बलदिया हाट को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना विशेष योजना के तहत बलदिया हाट चौक से भासीबाड़ी आदिवासी टोला होते हुए खजूरबाड़ी तक सड़क निर्माण प्रस्तावित था। इस सड़क के बनने से वर्षों से पिछड़े आदिवासी टोला के सैकड़ों परिवारों को आवागमन की सुविधा मिलती, लेकिन अब इस सड़क को दूसरी दिशा में बलदिया हाट से मिर्चानि बस्ती होते हुए शीतलपुर तक बनाया जा रहा है। इसी बात को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने कहा कि भासीबाड़ी गांव की स्थिति आज भी बेहद खराब है। आजादी के कई दशक गुजर जाने के बाद भी यहां के आदिवासी परिवार एक पक्की सड़क और पुल के लिए तरस रहे हैं। बरसात के दिनों में हालात और खराब हो जाते हैं। गांव के बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं जान जोखिम में डालकर बांस की चचरी पुल के सहारे आवाजाही करने को मजबूर हैं। चचरी पुल की हालत भी ठीक नहीं है। बारिश के मौसम में बच्चों का स्कूल जाना और मरीजों को अस्पताल पहुंचाना ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाती है।
ग्रामीणों ने कहा कि हमलोग भी इसी देश के नागरिक हैं। सरकार हर गांव तक सड़क पहुंचाने की बात करती है, लेकिन हमारे टोले की हालत देखकर विकास की सच्चाई सामने आ जाती है। वर्षों से सड़क की उम्मीद लगाए बैठे थे, अब जब सड़क बनने की बारी आई तो उसे दूसरी जगह बनाया जा रहा है। यह आदिवासी परिवारों के साथ अन्याय है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि उनके हक की सड़क को दूसरी जगह स्थानांतरित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक भासीबाड़ी आदिवासी टोला को सड़क और पुल की सुविधा नहीं मिलेगी, उनकी परेशानी खत्म नहीं होगी।
इधर सड़क जाम की सूचना मिलते ही पोठिया बीडीओ मोहम्मद आसिफ, सीओ मोहित राज मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उचित पहल का भरोसा दिया। विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्द्र कुमार भी दल बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
मामले की जानकारी मिलने पर कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह,एसडीओ विकास कुमार और कनीय अभियंता उदय कुमार भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर सड़क निर्माण को लेकर आश्वासन दिया।
कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि ग्रामीणों की समस्या को सुना गया है। दोनों सड़कों का काम एक साथ चालू कराया जाएगा। भासीबाड़ी आदिवासी टोला की सड़क को लेकर भी विभाग की ओर से आवश्यक पहल की जाएगी। किसी भी गांव को सड़क सुविधा से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
वहीं बीडीओ मोहम्मद आसिफ और सीओ मोहित राज ने कहा कि ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं से वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया हैं। प्रशासन का प्रयास है कि लोगों की समस्या का समाधान हो और विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद करीब चार घंटे बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद बेलवा रामगंज मार्ग पर यातायात व्यवस्था फिर से बहाल हुई।
मौके पर मुखिया मेराज सहनी, अब्दुत तव्वाफ, जिला परिषद प्रतिनिधि इनामूल हक सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
























