मो मुर्तुजा/ठाकुरगंज, किशनगंज।
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को ठाकुरगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नवपदस्थापित थानाध्यक्ष अंजय अमन ने की।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अहमर अब्दाली, अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीकृष्ण सिंह उर्फ सिकंदर पटेल, प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने मुहर्रम पर्व के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ अहमर अब्दाली ने कहा कि ठाकुरगंज की पहचान हमेशा से भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक सहिष्णुता के लिए रही है। इस गौरवशाली परंपरा को बनाए रखते हुए सभी समुदायों को मिल-जुलकर मुहर्रम पर्व मनाना चाहिए।
थानाध्यक्ष अंजय अमन ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि या सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
बैठक में सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम अथवा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट साझा नहीं की जाए। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से केवल सत्यापित सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई।
इसके अलावा मुहर्रम जुलूस के दौरान अश्लील, फूहड़ एवं भड़काऊ गीतों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और किसी भी ऐसी गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में मुहर्रम पर्व को शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाने का संकल्प लिया। प्रशासन ने भी आश्वस्त किया कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पूर्व नगर अध्यक्ष देवकी अग्रवाल, राजद नेता मुस्ताक आलम, भाजपा नेता कौशल किशोर यादव, शिवा यादव, निजामुद्दीन, खालिक अंसारी, किसान बाबू पासवान सहित मुहर्रम कमेटी के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
























