कटिहार–जिले में मोहर्रम का पर्व शांतिपूर्वक तथा भाइचारे के साथ मनाने को लेकर जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी तथा आरक्षी अधीक्षक परिचय कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में जिला एवं प्रखंडस्तरीय जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं मोहर्रम कमिटि के सदस्यों के साथ शांति समिति के अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में आपसी भाईचारा एवं गंगा जमुना तहजीब के साथ पर्व मनाने एवं पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। सदस्यों से अपने सुझाव तथा पूर्व वर्ष का फीडबैक से लिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी सदर के द्वारा अवगत कराया गया कि इस वर्ष मुहर्रम पर्व 26 जून को मनाया जायेगा ।
बैठक में उपस्थित सभी शांति समिति के सदस्यों ने बारी-बारी से अपने मंतव्य एवं सुझाव प्रस्तुत किया तथा वहाँ उपस्थित महापौर श्रीमती उषा देवी अग्रवाल के द्वारा भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कटिहार जिला में शांतिपूर्ण एवं भाइचारे के साथ मोहर्रम मनाये जाने का आश्वासन दिया एवं जिला प्रशासन को हर सम्भव सहयोग करने का भी आश्वासन दिया।
वहीं उप महापौर मंजुर खान ने कहा कि पूर्व वर्ष की भाँति इस वर्ष भी मुहर्रम आपसी भाईचारा, गंगा जमुना तहजीब एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जायेगा।एसपी परिचय कुमार ने पर्व पर विधि व्यवस्था के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी प्राप्त किया। इस क्रम में उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में शांति समिति की बैठक आयोजित कर लिया जाय।उन्होंने जनप्रतिनिधियों से क्षेत्रों में शांतिपूर्ण वातावरण में मोहर्रम संपन्न कराने हेतु प्रशासन को हर संभव मदद करने का अनुरोध किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस वर्ष दिनांक 26 जून तक मुस्लिम सामुदाय का मुहर्रम का त्यौहार मनाया जाएगा। इस अवसर पर ताजिया निकालने एवं कर्बला में खेलने की परम्परा होती है। इसलिए कोई भी स्थान पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो इसके लिए सभी पदाधिकारी व दंडाधिकारी जिला के महत्वपूर्ण स्थान, दो सम्प्रदाय की मिली-जुली आबादी वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील, अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं सतर्कता बरतेंगे।उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को पर्व के अवसर पर साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने तथा अफवाह फैलाने वाले तत्वों, संस्थाओं, असामाजिक तत्वों एवं गुण्डा तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने का निदेश दिया।
साथ ही सभी स्थानीय थानाध्यक्ष एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं दण्डाधिकारी अपने क्षेत्रों के सभी प्रकार की गतिविधियों के संबंध में सूचना एकत्र कर वरीय पदाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में विधि व्यवस्था बनाए रखने हेतु विभिन्न स्थलों पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी,सशस्त्र बल, लाठी बल को अपने प्रतिनियुक्त स्थान पर ससमय उपस्थित रहने का निदेश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उपाधोक्षक यातायात पुलिस को मुहर्रम पर्व के अवसर पर सभी चौक-चौराहों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर प्रतिनियुक्त ट्रैफिक पुलिस को एक्टिव मोड में रखने के साथ ही त्योहार के दौरान स्वयं भी भ्रमणशील रहते हुए यातायात व्यवस्था संचालित कराने का निर्देश दिया। सोशल मीडिया प्लेटफोर्म पर पैनी नजर रखने और अफवाह फैलाने वाले को व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरूद्ध कार्रवाई करने, अफवाह या भ्रामक खबरों का जांचोपरांत खंडन करने, किसी भी प्रकार के गुप्त सूचना प्राप्त होने पर यथाशीध्र कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को अखाड़ा वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि शरारती तत्व तनाव उत्पन्न करने की कोशिश नहीं कर सके। उन्होंने जगह-जगह पर पेय जल, मेडिकल व्यवस्था, ट्रैफिक सुदृढ़ीकरण, जुलूस के बाद विद्युत आपूर्ति, एम्बुलेंस की व्यवस्था, एवं मुहर्रम पर्व से संबंधित अन्य व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिया।
उन्होंने सभी प्रखंडस्तरीय पदाधिकारियों को आपस में समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण वातावरण में मुहर्रम के त्योहार संपन्न कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में अपर समाहर्ता डॉ. विनोद कुमार, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिलास्तरीय पदाधिकारीगण, दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना अध्यक्ष के अतिरिक्त सभी शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे ।
























