KatiharNews:युवक का शव मिलने से सनसनी,जांच में जुटी पुलिस

SHARE:

बारसोई / कटिहार – बारसोई प्रखंड के बेलवा डांगी पंचायत स्थित मनाईखर बहियार में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर बारसोई डीएसपी अजय कुमार एवं बारसोई थाना पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान बलरामपुर प्रखंड के सिद्धना गांव वार्ड संख्या-7 निवासी तल्लू टुडू (25) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि युवक के परिजनों द्वारा 20 जून को बलरामपुर थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया था। आवेदन के अनुसार तल्लू टुडू 18 जून की रात लगभग नौ बजे से अपने घर से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।पुलिस के अनुसार शव मनाईखर बहियार से बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के नाक से खून निकलने के निशान मिले हैं।

जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर किसी प्रकार के चोट या जख्म के स्पष्ट निशान नहीं पाए गए हैं। ऐसे में प्रथम दृष्टया मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है।डीएसपी अजय कुमार ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच पूरी होने तक संयम बरतने की अपील की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई