मुहर्रम को लेकर अमदाबाद थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
सर्वसम्मति से सुलझा रूट चार्ट का पुराना विवाद
अमदाबाद /कटिहार – मुहर्रम पर्व को लेकर अमदाबाद थाना परिसर में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन उप प्रमुख प्रतिनिधि मथुरा मंडल ने किया। बैठक में डीएसपी विनोद कुमार,सीओ स्नेहा कुमारी,अपर थाना अध्यक्ष विजय कुमार राम के अलावा दोनों समुदायों के लोगों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन मौजूद रहे।डीएसपी विनोद कुमार ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर जुलूस निकालने से पूर्व लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। पर्व के दौरान सौहार्द बिगाड़ने अथवा हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं सीओ ने बताया कि अब तक 38 लाइसेंस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान निर्धारित रूट चार्ट का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य होगा।बैठक के दौरान पिछले दिनों सरस्वती पूजा के अवसर पर रूट चार्ट को लेकर उत्पन्न विवाद पर भी चर्चा की गई।
शांति समिति की बैठक में दोनों समुदायों के लोगों की सर्वसम्मति से नया रूट चार्ट तैयार कर मामले का सौहार्दपूर्ण ढंग से निपटारा कर दिया गया।बैठक में मुख्य पार्षद बबलू मंडल,मुखिया श्वेता राय, जदयू नगर अध्यक्ष संजीव साह, मुखिया तारीख, निरंजन यादव, शेख गुलजार, अतीक, अब्दुल बारी, गुलाब, मोनू समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद ।


























