राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में 66 नामांकन,01 जुलाई से शुरू होगी छह विषयों में पढ़ाई

SHARE:


विधायक ने फोन कर कॉलेज की प्रगति की जानकारी ली
कुलपति भी ले रहे हैं प्रगति रिपोर्ट


नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में समर्थ पोर्टल पर प्रथम मेधा सूची के आधार पर 66 छात्र – छात्राओं के नामांकन हुए। नामांकन की अंतिम तिथि 22 जून को समाप्त हो गई। इधर, कोचाधामन के विधायक मो. सरवर आलम ने प्रधानाचार्य प्रो.( डॉ.) सजल प्रसाद से फोन पर बात की और कॉलेज की प्रगति का जायजा लिया।

पूर्णियाँ विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई के रूप में खोले गए इस कॉलेज में यूजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 में फिलहाल छह विषयों में 01 जुलाई से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। हिंदी में 21, अंग्रेजी में 03, इतिहास में 20, राजनीति विज्ञान में 16, अर्थशास्त्र में 05 एवं समाजशास्त्र में 01 नामांकन हुए। सम्प्रति महाविद्यालय के लिए अस्थायी कक्षा संचालन संस्थान +2 उच्च विद्यालय, धनपुरा निर्धारित किया गया है।

प्रधानाचार्य ने बताया कि कोचाधामन के विधायक मो सरवर आलम ने बीते दिन उनसे फोन पर बात की और नामांकन सहित कॉलेज की प्रगति के बारे में जानकारी ली। विधायक ने कॉलेज के लिए हर संभव सहायता करने का आश्वासन भी दिया।

प्रधानाचार्य प्रो.(डॉ.) प्रसाद ने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा एल ए ई ओ के माध्यम से विद्यालय के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। छात्र – छात्राओं के लिए अलग – अलग शौचालय बनाए जा रहे हैं। और, डीएम की अध्यक्षता में गठित क्रय समिति के निर्णयानुसार चयनित एजेंसी द्वारा क्लास रुम में बेंच – डेस्क, ग्रीन बोर्ड सहित अन्य आवश्यक सामानों की आपूर्ति भी सुनिश्चित कराई जाएगी।

पूर्णियाँ विश्वविद्यालय, पूर्णियाँ के कुलपति प्रो.(डॉ.) विवेकानन्द सिंह को भी नामांकन सहित कॉलेज की अद्यतन प्रगति की रिपोर्ट प्रेषित की गई। कुलपति के निर्देशानुसार कॉलेज में प्रधानाचार्य के अलावा अभी असिस्टेंट प्रोफेसर – सह – बर्सर प्रकाश रंजन दीन एवं शिक्षकेतर कर्मी राजीव कुमार गुसीप्ता पदस्थापित हैं। लेकिन, शीघ्र सभी विषयों में शिक्षकों की पदस्थापना की संभावना है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई