शांतिपूर्ण मुहर्रम को ले प्रशासन मुस्तैद
मनिहारी /कटिहार – इस्लाम धर्मावलंबियों का गम व शहादत का त्योहार मुहर्रम शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने को लेकर मनिहारी आदर्श थाना परिसर में थानाध्यक्ष संतोष कुमार झा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक मे थाना क्षेत्र के विभिन्न मुहर्रम अखाडा कमिटि के सदस्यों, खलीफा,सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्य लोगों ने शिरकत की।बैठक में अपने संबोधन में अनुमंडल पदाधिकारी त्रिलोकी नाथ सिंह ने सभी धर्मावलंबियों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
बताया कि मुहर्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर प्रशासन की ओर से मुक्कमल व्यवस्था की गयी है। पर्व के दौरान विधि व्यवस्था बनाये रखने को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संवेदनशील जगहों पर दण्डाधिकारी के पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अखाडा व ताजिये की जुलूस निकालने से पूर्व संबंधित अखाडा कमिटी को प्रशासन से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
उन्हें मुहर्रम की जुलूस निकाले जाने की मार्ग की जानकारी देनी होगी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिनोद कुमार ने लोगों से अफवाह पर ध्यान नही देने, किसी भी भ्रामक खबर की सत्यता की परख कर लेने व संदिग्ध गतिविधि की जानकारी प्रशासन को दिये जाने की अपील की।
कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। सामाजिक सौहार्द मे खलल डालनेवाले बख्से नहीं जाएंगें। बैठक में भूमि सुधार उप समाहर्ता रंजीत कुमार, सीओ निहारिका, बीडीओ सनत कुमार, बीपीआरओ सोनू गुप्ता, नगर पंचायत की ओर से स्वच्छता पदाधिकारी आरुष कुमार सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्त्ता भी मौजूद रहे ।




























