किशनगंज: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सखी बाल संस्कार शाला में योग एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व शाला के संस्थापक कमलेश कुमार (अधिवक्ता) एवं वृक्ष भाई राकेश कुमार ने किया।
इस अवसर पर बाल संस्कार शाला में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे बच्चों को योग के महत्व की जानकारी दी गई तथा उन्हें विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास भी कराया गया।
संस्थापक कमलेश कुमार ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “करें योग, रहें निरोग” केवल एक नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। उन्होंने बच्चों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान शाला के आचार्य लालचंद कुमार सिंह को संस्थापक द्वारा गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं वंदनीय माताजी की छवि भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक राजेश कुमार, आचार्य लालचंद कुमार सिंह, गीतांजलि ओम कश्यप सहित संस्कार शाला के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। योग दिवस के इस आयोजन ने बच्चों में स्वास्थ्य, अनुशासन और संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया।




























