बिहार सरकार ने अल्पसंख्यक कल्याण विभाग में बड़े पैमाने पर नियुक्ति की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग में कुल 1076 पदों पर बहाली की जाएगी। इसके तहत राज्य के सभी प्रखंडों में पहली बार प्रखंड अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारियों की नियुक्ति होगी।
जानकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) और बिहार कर्मचारी चयन आयोग (बीएसएससी) को भेज दी गई है। सरकार ने दिसंबर तक सभी प्रखंडों में पदाधिकारियों की तैनाती का लक्ष्य निर्धारित किया है।
बहाली में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, निम्नवर्गीय लिपिक तथा छात्रावास प्रबंधक के पद शामिल हैं। इनमें 487 प्रखंड अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी और 524 निम्नवर्गीय लिपिकों की नियुक्ति की जाएगी।
इसके अलावा राज्य में अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों के लिए 22 अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालयों के निर्माण का कार्य भी तेजी से चल रहा है। कटिहार, जमुई, कैमूर, नालंदा और मुजफ्फरपुर में विद्यालय भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष विद्यालयों का निर्माण इस वर्ष पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार का कहना है कि नई नियुक्तियों से विभागीय योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समुदाय तक अधिक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंच सकेगा।





























