कोढा / कटिहार- अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कोढ़ा नगर पंचायत स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय कोढ़ा के प्रांगण में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कोढ़ा विधायक कविता पासवान एवं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने मुख्य रूप से भाग लेते हुए छात्राओं, शिक्षकों एवं आमजन के साथ योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर विधायक कविता पासवान और जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
इसके बाद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योग के महत्व को समझते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। इस अवसर पर विधायक कविता पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि, “योग हमारी प्राचीन भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक संतुलन भी प्रदान करता है।
आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग को अपनाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। यदि हम नियमित योग करें, तो कई बीमारियों से बच सकते हैं।विद्यालय के प्राचार्य राजेश कुमार सिंह, शिक्षक पंकज जयसवाल सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं कार्यक्रम में उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।




























