कई नाव को किया गया नष्ट
सागर चंद्रा/ किशनगंज
जिले में चल रहे अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। शनिवार को एसडीएम और एसडीपीओ वन के नेतृत्व में गठित टीम ने टाउन थाना क्षेत्र के बेलवा टेंगलमारी गांव के समीप डोंक नदी में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की। हालांकि छापेमारी की भनक मिलते ही अवैध खनन में लिप्त लोग मौके से फरार हो गया।
लेकिन मौके से बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर टाउन थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। साथ ही कई नावों को भी मौके पर जेसीबी की सहायता से नष्ट कर दिया गया है।
घटना के बाद जिले में अवैध खनन करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। बताते चलें कि रात के अंधेरे में खनन माफियाओं के द्वारा जिले की नदियों से व्यापक पैमाने पर अवैध खनन किया जाता है। हालांकि प्रशासन के द्वारा समय समय पर कार्रवाई भी की जाती है। इसके बावजूद भी अवैध खनन का धंधा रूकने का नाम नहीं ले रही है।



























