मनोवर आलम/किशनगंज
जिला परिषद स्थित मेची सभागार में शनिवार को जिला परामर्श समिति यानी दिशा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता किशनगंज सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने की। बैठक में जिले के सभी विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान केंद्र और बिहार सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद, जिला पदाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा एवं अन्य अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद सभी विभागों के कार्यों की बारी-बारी से समीक्षा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क निर्माण, बिजली, पेयजल, ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा समेत कई योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। बैठक के दौरान किशनगंज विधायक कमरुल होदा ने जिले में बढ़ रहे अवैध खनन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया और प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों के पालन और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।
सांसद डॉ मोहम्मद जावेद आजाद ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें और लंबित योजनाओं को जल्द पूरा करें। वहीं जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी अधूरे एवं अर्धनिर्मित कार्यों को समय सीमा के अंदर पूरा कराने का आश्वासन दिया। बैठक में जिले के सभी विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






















