ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल को लेकर तैयारी पूरी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

SHARE:

डीएम की अध्यक्षता मे आयोजित हुई बैठक, दिए दिशा निर्देश

जिला पदाधिकरी एवं पुलिस अधीक्षक ने शहर का किया दौरा

दुकानदारों और आम नागरिकों से पैनिक नहीं होने और सहयोग की अपील

संवाददाता। किशनगंज

डीएम विशाल राज एवं एसपी संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आज गुरूवार को आयोजित होने वाले ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल कार्यक्रम को लेकर जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु विभिन्न विभागों की भूमिका, जिम्मेदारियों एवं समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन मो० उमैर द्वारा ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल के दौरान अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने सायरन बजने के पश्चात आमजन, प्रशासनिक पदाधिकारियों, एसडीआरीफ , सिविल डिफेंस एवं अन्य संबंधित टीमों द्वारा किए जाने वाले कार्यों का उदाहरण सहित प्रस्तुतीकरण किया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि जिले में समाहरणालय, बस स्टैंड एवं गांधी चौक — इन तीन प्रमुख स्थलों पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 07:00 बजे से 07:15 बजे तक संचालित होगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि के दौरान इनवर्टर, जेनरेटर अथवा किसी भी प्रकार की प्रकाश व्यवस्था का उपयोग नहीं किया जाएगा तथा सभी फीडरों को बंद रखा जाएगा।


बैठक में तीनों स्थलों पर मेडिकल टीम, रेस्क्यू टीम, अग्निशमन दल, एसडीआरीफ एवं सिविल डिफेंस वॉलिंटियर्स की तैनाती एवं उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सायरन बजने के पश्चात लोगों को सुरक्षित शेल्टर होम तक पहुंचाने की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया जाएगा। समाहरणालय क्षेत्र के लिए बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण कार्यालय, गांधी चौक क्षेत्र के लिए दफ्तरी पैलेस तथा बस स्टैंड क्षेत्र के लिए यात्री शेड को शेल्टर होम के रूप में चिन्हित किया गया है।

निर्धारित स्थल पर अधिकारी उपस्थित रहेंगे —


जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं वॉलिंटियर्स अपने निर्धारित स्थल पर शाम 06:30 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। जिन वॉलिंटियर्स के पास यूनिफॉर्म उपलब्ध है वे यूनिफॉर्म में तथा जिनके पास यूनिफॉर्म नहीं है वे अपने पहचान पत्र के साथ ड्यूटी करेंगे। बस स्टैंड क्षेत्र में ब्लैक आउट के दौरान सभी वाहनों को रोककर रखने का निर्देश भी दिया गया।


मॉक ड्रिल के दौरान बम विस्फोट, हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने को लेकर अभ्यास किया जाएगा, ताकि किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रत्येक स्थल पर वीडियोग्राफी कराने का भी निर्देश दिया गया है।बैठक में बताया गया कि ब्लैक आउट एवं मॉक ड्रिल से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार माइकिंग के माध्यम से किया जा रहा है, ताकि आमजन को कार्यक्रम की जानकारी समय रहते उपलब्ध हो सके एवं वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन कर सकें। साथ ही विशेष रूप से गांधी चौक क्षेत्र में अधिक सतर्कता एवं जागरूकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।


बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई