किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेढ़ागाछ में बुधवार को रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने की। बैठक में अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा चिकित्सा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले मरीजों को बेहतर एवं समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने, दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार ने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा अस्पताल में आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की बात कही। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई।
बैठक में पंचायत समिति सदस्य मो. इसमाईल शाह, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती नुजहत नजर, श्रीमती चुमकी देवी, नाकिर आलम, श्रीमती विणा दास, नवल किशोर झा एवं किन्नु हरिजन सहित अन्य लोगों ने भी अपने-अपने सुझाव रखे। उपस्थित सदस्यों ने अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया।बैठक के अंत में स्वास्थ्य सेवाओं को जनहित के अनुरूप प्रभावी बनाने एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने का संकल्प लिया गया।
























